अमरोहा
दहेज के लिए मुझे प्रताड़ित करते हैं पति
फायर सर्विस कर्मी पर पत्नी का आरोप, कहा- मारपीट से गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर : एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला के पति सोमपाल सिंह अमरोहा फायर सर्विस में कार्यरत हैं।
महिला का कहना है कि उसकी शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद से पति और ससुराल वाले दहेज में 3-4 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। पति ने कहा कि जब तक वह यह राशि नहीं लाएगी, उसे घर में नहीं रखा जाएगा।
पति सोने की चेन और पिता की रिटायरमेंट के पैसों की मांग करता है। वह महिला को मायके जाने से रोकता है। सरकारी नौकरी का रौब दिखाते हुए कहता है कि वह सिपाही है और कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
महिला ने बताया कि पति की मारपीट के कारण उसके 5 महीने के गर्भ में पल रहे बच्चे की मृत्यु हो गई। ससुराल पक्ष में पति के भाई मुकाम सिंह, बहन बत्तो और जूली भी प्रताड़ना में शामिल हैं।
पीड़िता को अमरोहा में कमरे में बंद रखा जाता है। उसे खाने-पीने और कपड़ों से भी वंचित रखा जाता है। पति ने धमकी दी है कि अगर वह वापस घर आई तो उसका जीना मुश्किल कर देगा।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। जांच के बाद मामले में अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।


