बरसात से पहले नालों की सफाई का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
जालौन,कालपी : बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने शनिवार को कालपी नगर में नालों की सफाई कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने नगर पालिका के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नालों की समुचित व समयबद्ध सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे वर्षा के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि उरई, कौंच, माधौगढ़ एवं जालौन नगर क्षेत्रों के सभी प्रमुख एवं उप-नालों की सफाई समय पर पूरी होनी चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक नगर क्षेत्र में चल रही सफाई व्यवस्था का एसडीएम स्तर से सत्यापन कराया जाए ताकि काम में लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक ने भी नगर पालिका कर्मचारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने और बरसात से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि जल निकासी की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त होनी चाहिए ताकि आम नागरिकों को बारिश के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।



