जयपुर

अदालतों में कामकाज ठप: अनिश्चितकालीन छुट्टी पर गए न्यायिक कर्मचारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जयपुर। राजस्थान में करीब 1638 अधीनस्थ अदालतों में न्यायिक कामकाज ठप हो गया है। दरअसल, समूचे राजस्थान के न्यायिक कर्मचारी अनिश्चितकालीन अवकाश पर चले गए हैं। इसका असर अदालतों में मामलों की सुनवाई और अन्य न्यायिक कार्यों पर पड़ रहा है। इस हड़ताल से न्यायिक प्रक्रिया पूरी तरह ठप पड़ गई है।चार दिन से भूख हड़ताल कर रहे न्यायिक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र नारायण जोशी ने शुक्रवार को बताया कि राज्य के 21 हजार न्यायिक कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश पर जाने से न्यायिक कामकाज ठप हो गया है। न्यायिक कर्मचारी कैडर के पुनर्गठन की लंबित मांग को लेकर अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर हैं।
उन्होंने बताया कि ये कर्मचारी बीते पांच दिन से जयपुर सत्र न्यायालय परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों में सरकार की अनदेखी को लेकर नाराजगी है। राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान प्रस्तुत नहीं किया गया है, जिससे नाराज होकर अब पूरे राज्य के न्यायिक कर्मचारी अनिश्चितकालीन अवकाश पर चले गए हैं।न्यायिक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र नारायण जोशी ने कहा कि न्यायिक कर्मचारियों के अनिश्चितकालीन अवकाश पर जाने का सीधा असर न्यायालयों में लंबित मामलों की सुनवाई, आदेशों की निष्पादन प्रक्रिया और अन्य न्यायिक कार्यों पर पड़ रहा है। इस हड़ताल से न्यायिक प्रक्रिया पूरी तरह ठहर गई है। राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन न्यायिक प्रणाली के प्रभावित होने से आम लोगों के साथ वकीलों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। न्यायिक कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक कैडर पुनर्गठन सहित अन्य मांगों पर स्पष्ट और संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button