अमरोहा
टेंपो में गंगाजल लेकर जा रहे साधु की मौत
अमरोहा में किराया मांगने पर चालक को मिला निर्जीव शरीर, जेब से मिले 151 रुपए

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हसनपुर में सोमवार दोपहर एक अज्ञात साधु की टेंपो में यात्रा के दौरान मौत हो गई। साधु गजरौला से रहरा अड्डा जा रहे थे। टेंपो चालक आस मोहम्मद ने रहरा अड्डा पहुंचने पर जब किराया मांगा, तो साधु का शरीर निर्जीव पाया। चालक तुरंत शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। साधु के पास गंगाजल से भरा कमंडल मिला। माना जा रहा है कि वे गंगा से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। साधु की जेब से 151 रुपए और बीड़ी का बंडल मिला। पुलिस ने शव की पहचान के लिए प्रयास किए, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है। कोतवाल के अनुसार शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।



