अमरोहा
गंगा में उफान से तिगरी में बाढ़ का खतरा!
45000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने पर गेज 200.20 मीटर पर पहुंचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गजरौला। पहाड़ों पर लगातार वर्षा के कारण तिगरी स्थित गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। बुधवार को जलस्तर में 30 सेमी की वृद्धि हुई जिससे खतरे की आशंका बढ़ गई है। बिजनौर बैराज से 45 हजार क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने पर गेज 200.20 मीटर पर पहुंच गया है। गंगा किनारे बसे गांवों के नजदीक पानी पहुंचने लगा है जिससे चिंता बढ़ रही है।
1 खतरे की तरफ बढ़ रही गंगा
2 जलस्तर में 30 सेमी की वृद्धि
3 45 हजार क्यूसेक से अधिक पानी फिर छोड़ा
पहाड़ों पर लगातार वर्षा हो रही है। यही वजह है कि तिगरी स्थित गंगा का जलस्तर दो दिन से लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को भी गंगा जलस्तर में 30 सेमी. की वृद्धि होने से खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। क्योंकि अब गंगा का रुख भी खतरे के निशान की तरफ को बढ़ रहा है।दरअसल, वर्षा होने के बाद पहाड़ी जलाशयों से पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री सहित उस इलाकों में होने वाली वर्षा के बाद पानी हरिद्वार बैराज होते हुए बिजनौर और फिर सीधा तिगरी की गंगा में पहुंचता है। इन दिनों इन क्षेत्रों में वर्षा लगातार हो रही है इसलिए पहाड़ी जलाशयों से पानी भी डिस्चार्ज किया जा रहा है।
खतरे की तरफ बढ़ रही गंगा, जलस्तर में 30 सेमी की वृद्धि
बुधवार को बिजनौर बैराज से 45 हजार क्यूसेक के अधिक पानी छोड़े जाने पर गंगा के गेज में 30 सेमी. की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को गेज 199.90 मीटर था और अब बुधवार को 200.20 मीटर पर आ गया है।
45 हजार क्यूसेक से अधिक पानी फिर छोड़ा, 200.20 मीटर पर गेज
ऐसी स्थिति में गंगा किनारे पर बसे गांव मंदिर वाली भुड्डी, शीशो वाली, दारानगर, अलीनगर, चकनवाला ऐतवाली, सुल्तानपुर, ओसिता जगदेपुर, कांकाठेर, तिगरी, रसूलपुर भंवर, रसूलपुर एहतमाली, देवीपुर उर्फ मोहसनपुर, पपसरी खादर, मुकरामपुर, शाहजहांपुर छात, रमपुर खादर, चांदरा फॉर्म, रानी बसतौरा, बिसाबली, कुई वाली, देव वाली, पट्टी खादर, झुंडपुरा व हसनपुर तहसील के गांव सिरसा गुर्जर की मढैया, सतैडा की मढैया, गंगानगर, पौरारा, दियावली आदि गांव के नजदीक पानी पहुचने लगा है।जो, चिंता का सबब बन रहा है।



