बाराबंकी
पति की प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने छोड़ा ससुराल, आरोपों से किया किनारा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। थाना सफदरगंज क्षेत्र के ग्राम ताड़ीपुर निवासी विनीता देवी ने अपने पति विक्रम सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए ससुराल छोड़ने का निर्णय लिया है। विनीता देवी का कहना है कि उसकी शादी करीब 9 वर्ष पूर्व सिलौटा, थाना रामनगर निवासी विक्रम सिंह पुत्र राम सिंह से हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। विनीता ने आरोप लगाया कि विक्रम सिंह शराब और अन्य नशे की लत में डूबे रहते थे तथा रोज़ाना उसे मारते-पीटते थे। पीड़िता का कहना है कि उसका पति उसे गलत रास्ते पर चलने के लिए मजबूर करता था, और जब वह घर पर नहीं होता था, तो अपने दोस्तों को घर भेज देता था जो उसे गलत निगाहों से देखते और छेड़ते थे।जब विनीता ने पति को यह बातें बताईं, तो विक्रम ने उल्टा उसे ही दोषी ठहराया और अपने दोस्तों की बात मानने को कहा। विरोध करने पर विनीता को बेल्ट, डंडे और लात-घूंसों से मारा जाता था, भद्दी-भद्दी गालियां दी जाती थीं और कई बार घर से निकाल भी दिया गया।इन सभी अमानवीय परिस्थितियों से तंग आकर विनीता ने अपने पति से नाता तोड़ने का निर्णय लिया है। उसने स्पष्ट रूप से कहा है कि अब उसका विक्रम सिंह से कोई संबंध नहीं है और यदि उसके पति द्वारा उसके विरुद्ध या किसी अन्य व्यक्ति के विरुद्ध कोई आरोप लगाया जाता है, तो उसे झूठा और निराधार समझा जाए। विनीता देवी ने यह बयान स्वयं की इच्छा से, बिना किसी दबाव के लिखित रूप में दिया है।



