फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 10 अगस्त से 25 अगस्त तक खिलाया जायेगा फाइलेरिया रोधी दवा

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लातेहार (झा०खं०), फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम आईडीए-एमडीए 2025 के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु शनिवार को समाहरणालय परिसर से उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के द्वारा हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया गया। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में 10 अगस्त से 25 अगस्त तक फाइलेरिया रोधी दवा खिलाया जाएगा। इस जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को फाइलेरिया के लक्षण, बचाव के उपाय तथा इसके समय पर इलाज के बारे में जानकारी दी जाएगी। जनमानस को फाइलेरिया उन्मूलन के प्रति संवेदनशील और जागरूक किया जायेगा। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि “फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी है, जो मच्छर के काटने से फैलती है। इसे रोकने के लिए समुदाय स्तर पर जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से इस कार्यक्रम के दौरान फाइलेरिया विलोपन की दवा का सेवन करके स्वयं को फाइलेरिया से सुरक्षित एवं लातेहार जिला को फाइलेरिया मुक्त बनाने की अपील की। लातेहार जिला अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के द्वारा लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जायगी। कार्यक्रम के पहले दिन दिनांक 10 अगस्त को स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा बूथ पर लोगों को फाईलेरिया रोधी दवा डी०ई०सी०, एलबेंडाजॉल एवं आइभरमेक्टिन की खुराक खिलायी जाएगी। फाईलेरियारोधी दवा खिलाने के लिए जिले में कुल 1054 बूथ बनाया गया है। 11 अगस्त 2025 से 25 अगस्त 2025 तक स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुये व्यक्तियों को फाईलेरिया रोधी दवा की खुराक खिलायी जायेगी। फाईलेरियारोधी दवा का सेवन खाली पेट नहीं करें। 2 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं एवं गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्ति फाईलेरिया रोधी दवा का सेवन नहीं करें। मौके पर अपर समाहर्ता रामा रविदास, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, जिला भीवीडी पदाधिकारी डॉ मारसा टोपनो , जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक आदि उपस्थित थे।



