मथुरा
राष्ट्रपति ने ब्रज दर्शन की जताई इच्छा, जनवरी में आने का दिया भरोसा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन में सुदामा कुटी आश्रम के शताब्दी वर्ष समारोह के तहत सुतीक्ष्ण दास महाराज ने शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें आश्रम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में आने का निमंत्रण दिया। यह समारोह आगामी जनवरी में आयोजित किया जाएगा। महंत सुतीक्ष्ण दास महाराज राष्ट्रपति भवन पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति को आश्रम का निमंत्रण पत्र एवं प्रसाद भेंट किया। उन्होंने बताया कि सुदामा कुटी आश्रम न केवल वृंदावन की धार्मिक विरासत है, बल्कि ब्रज संस्कृति और परंपरा का भी केंद्र है। मुलाकात के दौरान ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास पर भी चर्चा हुई। इस दौरान उन्होंने यमुना शुद्धिकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। महंत ने कहा कि यमुना भगवान श्रीकृष्ण की पटरानी हैं। वर्तमान में यमुना की स्थिति अत्यंत दयनीय है। हमारा प्रयास है कि यमुना का जल इतना शुद्ध हो कि उससे मंदिरों में भगवान का अभिषेक किया जा सके और श्रद्धालु आचमन व स्नान कर सकें। इस मुलाकात में राष्ट्रपति ने भी ब्रज आने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली और उनकी लीलास्थलियों का दर्शन करना चाहती हैं। उन्होंने सुदामा कुटी के शताब्दी महोत्सव में शामिल होने का आश्वासन भी दिया। सुदामा कुटी आश्रम के महंत अमर दास महाराज, मोहन कुमार शर्मा, शिव सेवक दास और अमरीश मिश्रा भी उपस्थित रहे।



