
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग और आंगनवाड़ी टीम की रही सक्रिय भागीदारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बैतूल। एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना बैतूल ग्रामीण के सेक्टर बैतूल-2 अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र कढ़ाई में विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष 1 अगस्त से 7 अगस्त तक मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम इन्वेस्ट इन ब्रेस्टफीडिंग इन्वेस्ट इन द फ्यूचर रही, जिसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष रूप से केंद्रित जानकारी दी गई।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती फुलमत दोबारे, आशा कार्यकर्ता मनोता कवड़े, सहायिका उमेदी वाड़िवा, एएनएम ममता टेकाम, सीएचओ रीता कोसे एवं आशा सहयोगिनी तुलसी मालवीय उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर ग्राम की महिलाओं को स्तनपान के लाभ, सही तकनीक और व्यवहार पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में विशेष रूप से एएनसी क्लीनिक, प्रसूति वार्ड, डिलीवरी पाइंट, एसएनसीयू, एनबीएसयू, सीएलएमसी, एनआरसी फॉलोअप सत्र, गृह भेंट, मंगल दिवस जैसे माध्यमों से महिलाओं को स्तनपान प्रोत्साहन, सफल स्तनपान के 10 चरणों की जानकारी, और शिशु एवं बाल आहार पूर्ति व्यवहार पर गहन परामर्श दिया गया। महिलाओं को जागरूक कर भविष्य की पीढ़ी को कुपोषण से बचाने और स्तनपान को बढ़ावा देने का यह प्रयास सराहनीय रहा।



