अमरोहा
फेसबुक मार्केटप्लेस पर गाड़ी बेचकर फिर चुरा लेते थे
अमरोहा पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के 5 सदस्य पकड़े, चोरी की स्विफ्ट कार बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद की गजरौला थाना पुलिस ने एक बड़े वाहन चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह फेसबुक मार्केटप्लेस पर गाड़ियां बेचता था और फिर दूसरी चाबी से वही वाहन चोरी कर दोबारा बेच देता था।गजरौला थाना, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए अपराधियों के पास से चोरी की मारुति स्विफ्ट कार, उसके दस्तावेज, चाबी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ब्रेजा कार बरामद की गई है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सोशल मीडिया पर ग्राहकों को सस्ते दाम पर गाड़ी बेचने का लालच देते थे। वे फर्जी आधार कार्ड और स्कैन की गई फोटो से नोटरी कराकर वाहन ट्रांसफर का झांसा देते थे। गाड़ी की एक चाबी अपने पास रखते थे और सौदा होने के बाद ग्राहक का पीछा कर मौका पाकर उसी चाबी से गाड़ी चुरा लेते थे।इसी तरह की वारदात में गजरौला निवासी गौरव सिद्धू के साथ ठगी की गई थी। गौरव ने फेसबुक मार्केटप्लेस पर एक स्विफ्ट कार 4.80 लाख रुपये में खरीदी थी। सौदा करने वाला आरोपी विश्वेंद्र एक चाबी अपने पास रखकर गाड़ी ले उड़ा। बाद में पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर गिरोह को गिरफ्तार किया।यह गिरोह पहले भी कई जिलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। मथुरा, हाथरस, बुलंदशहर और अमरोहा में इनके खिलाफ करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य आरोपी अजीत उर्फ लक्की पर पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज हैं।गिरफ्तार किए गए अपराधियों में शुभम प्रताप सिंह, छोटू चौधरी, अजीत, विवेक सिंह और अजीत उर्फ लक्की शामिल हैं। पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर हो रहे साइबर फ्रॉड के खिलाफ एक चेतावनी भी है।



