अमरोहा
अमरोहा में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर
रिश्तेदारी से लौट हरिराज की मेरठ ले जाते समय रास्ते में मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद कि हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गजरौला मार्ग पर एक दुर्घटना में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर निवासी 60 वर्षीय हरिराज शुक्रवार की देर रात अपनी पत्नी शांति को रक्षाबंधन पर आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव हयातपुर में छोड़कर घर लौट रहे थे।मनौटा शिव मंदिर के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हरिराज गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को नगर के सीएचसी में भर्ती कराया।हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे और घायल हरिराज को मेरठ ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर नगर पहुंचे जहां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक हरिराज अपने पीछे तीन बेटियां, दो बेटे और पत्नी शांति को छोड़ गए हैं।परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। कोतवाल दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।



