अलवर
नगर निगम हुआ अपाहिज ,, अपनी ही संपत्ति पर अतिक्रमण हटाने में नाकाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अलवर – शहर की स्वच्छता रैंकिंग में पहले ही निचले पायदान पर पहुंच चुका अलवर नगर निगम अब अतिक्रमण के मामलों में भी पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। स्थिति इतनी खराब है कि निगम दूसरों की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को हटाना तो दूर, अपनी ही संपत्ति पर कब्ज़ा खत्म करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा।
ताज़ा उदाहरण अंबेडकर सर्किल का है, जहां एक निजी मॉल और ब्लिंकिट (Blinkit) कंपनी ने नगर निगम के नाले पर कब्ज़ा कर रखा है। बिना पार्किंग सुविधा के चल रहे इस मॉल और कंपनी के करीब 100 से अधिक दोपहिया वाहन रोजाना सड़क पर खड़े होते हैं। इससे लगातार जाम और हादसों की स्थिति बनी रहती है।
मॉल मालिक के पास खुद की पार्किंग नहीं है। बेसमेंट, जहां पार्किंग होनी चाहिए थी, उसे ब्लिंकिट कंपनी को ऑफिस के लिए किराए पर दे दिया गया है। इतना ही नहीं, पार्किंग की समस्या से बचने के लिए सरकारी नाले पर करीब 10 फुट का पक्का निर्माण भी कर लिया गया है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह सब नगर निगम अधिकारियों की पूरी जानकारी में हो रहा है। सूत्रों का दावा है कि मॉल मालिक और जिले के कुछ बड़े अधिकारियों की बड़ी अच्छी दोस्ती है जिसकी वजह से नगर निगम के छोटे-बड़े सभी अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। मिलीभगत का आलम यह है कि कार्रवाई करने की बजाय अधिकारी इस अवैध कब्ज़े को संरक्षण दे रहे हैं।
अब शहरवासियों का सवाल है कि जब नगर निगम अपनी ही ज़मीन को कब्ज़ा मुक्त नहीं करा पा रहा, तो बाकी शहर से अतिक्रमण हटाने का दावा कैसे कर सकता है। निगम की यह नाकामी न केवल कानून का मज़ाक है, बल्कि जनता के भरोसे पर भी चोट है।



