ललितपुर
महाविद्यालय के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति फार्म भरने हेतु किया जागरूक
सभी पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति हेतु समय पर करें आवेदन : प्राचार्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। नेहरू महाविद्यालय के तुलसी सभागार में बी.काम तथा बी.एस-सी. (बायो/मैथ) तृतीय सेमेस्टर एवं पंचम सेमेस्टर के समस्त विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारम्भ प्राचार्य प्रो.ओमप्रकाश शास्त्री ने दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ किया। प्राचार्य ने कहा कि उ.प्र. सरकार द्वारा प्रदेश में अध्ययनरत सभी वर्गो के छात्र/छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है, किन्तु छात्र-छात्राओं की असावधानी के कारण छात्रवृत्ति आवेदन पत्र भरते समय कतिपय त्रुटियां कर दी जाती है जिस कारण से अनेक छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति पाने से वंचित रह जाते हैं। छात्रवृत्ति समिति के नोडल अधिकारी प्रथम जितेंद्र कुमार ने उपस्थित छात्रों को छात्रवृत्ति फॉर्म निर्धारित समय में चरणबद्ध तरीके से कैसे भरें, इसके बारे में जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि शासन के नियमानुसार उसी विद्यार्थी को छात्रवृत्ति दी जायेगी। जिसकी कम से कम कक्षाओं में 75 प्रतिशत उपस्थिति होगी। पूर्व कक्षा में 50 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण होना अनिवार्य है तथा पिता अथवा अभिभावक के नाम शासन द्वारा निर्धारित आय एवं जाति प्रमाण पत्र संलग्न होना अनिवार्य है। नोडल अधिकारी द्वितीय धीरेन्द्र तिवारी ने छात्रवृत्ति आवेदन पत्र में वन टाइम रजिस्ट्रेशन के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग की वार्षिक आय 2 लाख रुपये एवं अनुसूचित जाति जनजाति के छात्र-छात्राओं की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये शासन द्वारा निर्धारित की गई। उन्होंने छात्र/छात्राओं को आवेदन करने का तरीका बताया। कम्प्यूटर आपरेटर फहीम बख्श द्वारा छात्र-छात्राओं को टैबलेट हेतु आवेदन करने तथा डिजीशक्ति पोर्टल पर आधार वेरिफिकेशन करने के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान करते हुए कहा कि महाविद्यालय के प्रत्येक विद्यार्थी को टैबलेट मिल सके इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में डिजीशक्ति पोर्टल पर वेरिफिकेशन करायें। उन्होंने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं को अध्ययन के दौरान मोबाइल या टैबलेट मिल चुका है, वह आवेदन न करें। यदि किसी भी छात्र-छात्रा का डिजीशक्ति वेबसाइट पर डाटा अपलोड न हुआ हो वह उनसे सम्पर्क कर डाटा अपलोड करा सकते हैं। कार्यशाला को डा.राजीव निरंजन एवं डा. प्रीति सिरौठिया, डा. सुभाष जैन ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान डा.शैलेन्द्र सिंह चौहान, डा.वर्षा साहू, डा.विनीत अग्निहोत्री, डा.रोहित शर्मा, डा.जगवीर सिंह, डा.ऊषा तिवारी, राहुल पस्तोर, डा.अनूप दीक्षित, डा.पराग कुमार, संदीप श्रीवास्तव के साथ विवेक पाराशर, फहीम बख्श, धु्रव किलेदार, रमेशप्रसाद पाल, जयंत, दीपक रावत, कमलेश कुमार, सुरेश पाल सहित छात्र-छात्रायें उपस्थित रहें। संचालन डा.दीपक पाठक ने व आभार असि.प्रो. जितेन्द्र कुमार ने जताया।



