राजस्थान
छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग तेज, बयाना कॉलेज में छात्रों का प्रदर्शन
अध्यक्ष ने खून से लिखा ज्ञापन

सरकार को दी चेतावनी– जल्द चुनाव न हुए तो आंदोलन होगा उग्र
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बयाना। राजकीय पीजी कॉलेज बयाना में सोमवार को छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर छात्र उग्र हो गए। छात्रसंघ अध्यक्ष दिलीप कसाना के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए प्राचार्य को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। विशेष बात यह रही कि ज्ञापन कसाना ने अपने खून से लिखा। छात्रसंघ अध्यक्ष कसाना ने कहा कि प्रदेश में लगातार छात्रसंघ चुनाव न होने से विद्यार्थियों की समस्याएँ अनसुनी रह जाती हैं। कॉलेज स्तर पर छात्रों को समय पर न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकांश नेता छात्र राजनीति से निकले हैं, लेकिन वर्तमान सरकार विद्यार्थियों की आवाज दबा रही है। कसाना ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द चुनाव कराने की घोषणा नहीं की तो यह सांकेतिक धरना-प्रदर्शन बड़े आंदोलन का रूप ले लेगा।
प्रदर्शन के दौरान रामकेश, जतिन पाराशर, प्रशांत, कुलदीप, पुण्य, नक्षत्र, सचिन, रामवीर, हर्षित, प्रहलाद, रोहित, मोहिनी, वर्षा, शिवानी, रितिका सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




