सिंगरौली

बधौरा चौकी से चन्द कदम दुरी पर हो रहा अवैध मिट्टी व मुरूम खनन, कारखास पर संरक्षण का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 सिंगरौली। जिले में अवैध कारोबारों पर रोक लगाने के तमाम दावों के बीच सिंगरौली के बधौरा चौकी क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार चौकी के सामने ही खुलेआम जेसीबी मशीनों से मुरूम मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। इस पूरे खेल में चौकी के जिम्मेदार अधिकारियों और कारखास पर संरक्षण देने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार बधौरा चौकी क्षेत्र इन दिनों अवैध गतिविधियों का गढ़ बन चुका है। गांजा, शराब, डीजल और कोयले के अवैध कारोबार के बाद अब मुरूम खनन का अवैध धंधा भी तेजी से फल-फूल रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह सारा खेल चौकी के सामने हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी होने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
सूत्रों का दावा है कि चौकी में पदस्थ कारखास खुले तौर पर अवैध कारोबारियों को संरक्षण दे रहा है। बताया जाता है कि मोटी रकम के लेन-देन के बाद न तो किसी पर कार्रवाई की जाती है और न ही किसी प्रकार की रोक लगाई जाती है। यही वजह है कि अवैध कारोबारी बिना किसी डर-भय के खुलेआम मुरूम खनन सहित अन्य कारोबार कर रहे हैं। मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब मुरूम खनन करने वाले माफियाओं से बात करने पर भी चौकी के कारखास का नाम सामने आया। आरोप है कि कारखास बाहर से खुद को ईमानदार दिखाने का प्रयास करता है, लेकिन अंदरखाने माफियाओं से मिलीभगत कर रहा है। यही कारण है कि हर अवैध कारोबारी के जुबान पर एक ही नाम सामने आता है अनीश। आखिरकार यह अनीश कौन है यह तो जांच का विषय है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध कारोबारों से सरकार को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। यदि जिम्मेदार अधिकारी निष्पक्षता से काम करें तो न केवल इन पर अंकुश लगाया जा सकता है, बल्कि सरकारी खजाने को भी करोड़ों का फायदा होगा अब बड़ा सवाल यह है कि जिला पुलिस अधीक्षक इस पूरे मामले पर क्या रुख अपनाते हैं? क्या अवैध कारोबारियों को संरक्षण देने वाले चौकी प्रभारी और कारखास पर कार्रवाई होगी, या फिर मामला पहले की तरह दबा दिया जाएगा? फिलहाल बधौरा चौकी क्षेत्र में खुलेआम चल रहे अवैध कारोबार प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय जनता ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button