भाटचतरा बाजारटांड़ में लेवी व फायरिंग मामले का आरोपी गणेश गंझू गिरफ्तार
Ganesh Ganjhu, accused of levy and firing case in Bhatchatra Bazartand, arrested
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लातेहार। जिला अन्तर्गत बारियातू थाना पुलिस ने भाटचतरा बाजार टांड़ में केईसी इंटरनेशनल कंपनी के मजदूरों के साथ मारपीट, फायरिंग और लेवी की पर्ची फेंकने के मामले के वांछित आरोपी गणेश गंझू को सोमवार की रात गोलीटांड़ से गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेजा। इस संबंध में मंगलवार को बारियातू थाना परिसर में बालूमाथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद रवानी ने प्रेस वार्ता कर जानकारी देते हुए बताया कि बीते 02 अगस्त को भाटचतरा बाजारटांड़ में हाईटेंशन तार खिंचाई का कार्य कर रही केईसी इंटरनेशनल कंपनी के मजदूरों पर हमला किया गया था। इस दौरान मारपीट, फायरिंग की गई थी और लेवी की पर्ची भी फेंकी गई थी।एसडीपीओ ने बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी पुनः गोलीटांड़, अमरवाडीह क्षेत्र में डेरा डालकर कंपनी के ठेकेदारों को धमकाने की योजना बना रहा है। इसी सूचना के आधार पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापामारी कर आरोपी गणेश गंझू (पिता- जगन गंझू, ग्राम बरवा टोला भगिया, थाना बालूमाथ) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी पर बारियातू थाना कांड संख्या 39/25 सहित विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गयी है। उस पर धारा 223/111(3)/111(4) बीएनएस एवं 25(1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि गणेश गंझू का लंबा आपराधिक इतिहास है। वह पहले भी गोलीटांड़ क्षेत्र में हाइवा वाहनों में फायरिंग और आगजनी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इसके अलावा वह पूर्व में माओवादी, टीपीसी और जेजेपीएम संगठन से भी जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ खलारी, पिपरवार, मैक्लुस्कीगंज और बारियातू थानों में हत्या, रंगदारी, फायरिंग, आगजनी व आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। आरोपी कई बार जेल भी जा चुका है।प्रेस कॉन्फ्रेंस के मौके पर इंस्पेक्टर प्रमानंद बिरूआ मौजूद थे। इस अभियान का नेतृत्व बालुमाथ एसडीपीओ बिनोद रवानी ने किया। एवं छापामारी टीम में बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार,अमरवाडीह पिकेट प्रभारी अनुभव सिन्हा, पु०अ०नि होसेन डांग, पु०अ०नि निर्मल कुमार मंडल सहित दोनों थानों के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



