हापुड़

स्कार्पियो की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की हुई मौत

गुस्साई भीड़ ने स्कार्पियो फूंकी, तीन थानों की पुलिस ने हालात पर किया नियंत्रण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

हापुड़ (यूपी)  –  यूपी के जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार की शाम को उस समय तनावपूर्ण माहौल हो गया, जब एक स्कार्पियो की टक्कर से ई-रिक्शा चालक इस्लामुद्दीन की मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर इकठ्ठी हो गई. घटना से गुस्साई भीड़ स्कार्पियो को मौके पर ही पकड़ लिया और उसमें आग लगाकर उसे फूंक दिया. घटना की जानकारी जैसे ही पुलिस-प्रशासन को हुई, तो मौके पर करीब तीन थानों की पुलिस पहुंच गई. पुलिस ने गुस्साई भीड़ को नियंत्रित किया और हालातों पर काबू पाया ।

 

जानकारी के अनुसार बाबूगढ़ थाना क्षेत्रान्तर्गत मुदाफरा चौकी स्थित किठौर रोड पर इस्लामुद्दीन अंसारी पुत्र शराफत अंसारी अपना ई-रिक्शा लेकर गंतव्य की ओर जा रहा था, इसी दौरान तेज रफ्तार एक स्कार्पियो कार ने ई-रिक्शे को अपनी चपेट में लेते हुए जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में इस्लामुद्दीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. घटना से गुस्साई भीड़ शव सड़क पर रखकर हंगामा करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते स्कार्पियो में आग लगा दी. आग लगने से स्कार्पियो कार बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगी. इलाके में तनाव की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में तीन थानों की पुलिस सहित सीओ वरूण मिश्रा मौके पर पहुंच गये. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को तितर-बितर कर हालातों को नियंत्रित किया. पुलिस ने बीच सड़क से मृतक ई-रिक्शा चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस इस घटना के बाद पूरे मामले की कार्रवाई में जुट गई है.

 

घटना को लेकर एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सरावनी में एक स्कार्पियो की टक्कर से स्थानीय निवासी ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कार्पियो चालक को अपनी हिरासत में ले लिया. पुलिस के घटना स्थल से जाते समय किसी शरारती तत्व के द्वारा स्कार्पियो में आग लगा दी गई. जिसके बाद स्कार्पियो में लगी आग को फायर बिग्रेड के द्वारा बुझाया गया. पुलिस ने मृतक ई-रिक्शा चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्कार्पियो में आग लगाने वाले शरारती तत्वों की पहचान की जा रही है. मौके पर हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button