अमरोहा

अज्ञात वाहन की टक्कर से छात्र की मौत

30 मिनट तक सड़क पर तड़पता रहा किशोर, लोग बनाते रहे वीडियो

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में गंगा बांध पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव सिरसा गुर्जर निवासी दीपक राणा के रूप में हुई है।
दीपक गजरौला से बाइक पर अपने घर लौट रहा था। गांव दियावली खालसा के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुखद पहलू यह रहा कि करीब 30 मिनट तक वह सड़क पर पड़ा रहा। मौके पर मौजूद लोग उसकी मदद करने की बजाय वीडियो बनाते रहे।
डायल 112 की टीम ने दीपक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपक एक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। वह रोशन सिंह के पांच बच्चों में तीसरे नंबर का था।
वरिष्ठ उप निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button