
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। श्रीराम मूर्ति स्मारक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (SRMS CET) में शुक्रवार को स्मार्ट इंडिया हैकथॉन (SIH) 2025 के लिए आंतरिक चयन के तहत हैकथॉन 2025 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 39 टीमों ने भाग लिया और विभिन्न सामाजिक व तकनीकी समस्याओं पर नवाचारी समाधान प्रस्तुत किए। इस हैकथॉन का उद्देश्य छात्रों को एक ऐसा मंच देना था जहां वे अपने विचारों को तकनीकी समाधानों में बदल सकें। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्मार्ट इंडिया हैकथॉन (SIH) 2025 के लिए कॉलेज स्तर पर प्रतिनिधि टीमों के चयन के लिए किया गया। प्रतियोगिता में सभी टीमों को विशेषज्ञों की जूरी ने नवाचार और रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता, समाधान की व्यावहारिकता और कार्यान्वयन योग्यता, भविष्य में विस्तार की संभावना, टीम वर्क और प्रस्तुति कौशल जैसे विभिन्न मानदंडों पर परखा। जजों ने न केवल विजेता टीमों का चयन किया, बल्कि सभी प्रतिभागियों को उपयोगी सुझाव भी दिए ताकि वे अपने विचारों को और निखार सकें। कालेज के प्रिंसिपल डा. प्रभाकर गुप्ता ने कहा कि हैकथॉन 2025 से चयनित शीर्ष टीमों को SIH 2025 के अगले स्तर पर SRMS CET का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। यह उनके लिए राष्ट्रीय मंच पर अपने कौशल और विचारों को प्रस्तुत करने का सुनहरा मौका होगा।कॉलेज के चेयरमैन देव मूर्ति जी ने कार्यक्रम में शामिल छात्रों को आशीर्वाद दिया और कहा कि आज की युवा पीढ़ी में देश की चुनौतियों को तकनीकी दृष्टिकोण से हल करने की अद्भुत क्षमता है। मैं सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य और सफलता की शुभकामनाएं देता हूं।



