गाजियाबाद
लोनी को नगर निगम बनाने की मांग तेज, 17 सूत्रीय ज्ञापन तैयार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी। आज लोनी में पूर्व सभासद पप्पू चौधरी के संगम बिहार कार्यालय पर एक विशेष गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें लोनी नगर पालिका को अलग से नया नगर निगम बनाने की पुरजोर मांग की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस संबंध में 17 सूत्रीय ज्ञापन तैयार कर जिलाधिकारी गाजियाबाद के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भेजा जाएगा।
गोष्ठी में पूर्व सभासद उदय पाल प्रधान ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार लोनी की जनसंख्या 5,16,082 थी, जो वर्तमान समय में लगभग 20 लाख के करीब है। नगर पालिका में 55 वार्ड हैं और क्षेत्र का निरंतर विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि 3 लाख की जनसंख्या पर नगर निगम बनाए जाने का प्रावधान है, ऐसे में लोनी को नगर निगम बनाना समय की आवश्यकता है।
पूर्व सभासद प्रमोद शर्मा ने कहा कि लोनी में चार रेलवे स्टेशन, बस डिपो, वायुसेना का हवाई अड्डा और डीएमआरसी के दो मेट्रो स्टेशन हैं। शिक्षा, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों में भी लोनी लगातार प्रगति कर रही है, इसलिए लोनी को नगर निगम का दर्जा मिलना चाहिए।
17 सूत्रीय ज्ञापन के मुख्य बिंदु
. लोनी नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा दिया जाए।
सभी वार्डों में सीवर, पेयजल और सड़क व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
. नगर पालिका क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण प्लांट स्थापित किया जाए।
बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए नए सरकारी स्कूल और कॉलेज खोले जाएं।
नगर में सरकारी अस्पताल और डिस्पेंसरी की संख्या बढ़ाई जाए।
. महिलाओं की सुरक्षा हेतु पुलिस चौकियां और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।
ट्रैफिक समस्या के समाधान हेतु फ्लाईओवर और चौड़ी सड़कों का निर्माण किया जाए।
औद्योगिक क्षेत्रों के लिए विशेष योजना बनाई जाए जिससे रोजगार के अवसर बढ़ें।
सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था नियमित की जाए।
खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए स्टेडियम व सभागार का निर्माण।
हर वार्ड में पार्क और हरी पट्टियों का विकास।
नगर में अतिक्रमण हटाने के लिए नियमित अभियान चलाया जाए।
नगर निगम बनने पर करों का सही और पारदर्शी निर्धारण।
जन शिकायत निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन पोर्टल।
युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना।
नगर में नियमित स्वास्थ्य शिविर और टीकाकरण अभियान।
नगर में प्रदूषण नियंत्रण हेतु विशेष दल का गठन।
बैठक में मुख्य रूप से सतीश जैन, अमित गर्ग, शीतला देवी, योगेश कुमार, अमित सैनी, पूर्व सभासद जीतलाल कश्यप, पप्पू चौधरी, ओमेंद्र धाम, बबलू प्रधान, इसरार बेग, सेकुलर इंकलाब पार्टी के अध्यक्ष सत्यवीर गिरी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन पप्पू चौधरी ने किया और अध्यक्षता पूर्व सभासद वीरेंद्र शर्मा ने की। गोष्ठी का समापन पूर्व सभासद इसरार बेग द्वारा किया गया।



