फार्मेसी का जश्न : एमआईटी में धूमधाम से मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस
-“थिंक हेल्थ, थिंक फार्मासिस्ट” थीम पर छात्र-छात्राओं ने दिखाई रचनात्मकता और जोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के फार्मेसी विभाग में विश्व फार्मासिस्ट दिवस बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस साल का थीम था— “थिंक हेल्थ, थिंक फार्मासिस्ट”, जिसने पूरे कार्यक्रम को खास बना दिया। शुभारंभ निदेशक डॉ. के.एल.ए. खान, प्राचार्य डॉ. नीरज कांत शर्मा और डीन एकेडेमिक्स डॉ. गौरव शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने छात्रों को फार्मासिस्ट की अहम भूमिका और समाज में स्वास्थ्य सेवा के महत्व पर प्रेरणादायक विचार साझा किए। पूरे दिन विद्यार्थियों ने कई रंग-बिरंगी गतिविधियों में भाग लिया। पोस्टर मेकिंग, रंगोली, हेल्थ चेकअप कैंप, नुक्कड़ नाटक, फूड स्टॉल, स्लोगन राइटिंग और क्विज जैसी प्रतियोगिताओं ने न सिर्फ छात्रों की प्रतिभा को सामने लाया, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य और फार्मेसी के प्रति जागरूक भी किया। मुख्य अतिथि के रूप में मोदी मुंडी फार्मा से जनरल मैनेजर डॉ. राजेश अग्रवाल ने फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्री सेटअप और वर्किंग एनवायरनमेंट विषय पर ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। वहीं लाइफ साइंसेज सेक्टर स्किल डेवलपमेंट कॉउन्सिल हेड एकेडेमिक्स डॉ. प्रतीक शर्मा ने छात्रों को वर्चुअल रियलिटी (वीआर) तकनीक से औद्योगिक उपकरणों का अनुभव कराया। इसी क्रम में सीजीएचएस के वरिष्ठ फार्मासिस्ट दीपक कुमार और राजीव यादव ने “स्वास्थ्य सेवा में फार्मासिस्ट की भूमिका” पर छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि किस तरह फार्मासिस्ट न केवल दवा उपलब्ध कराते हैं बल्कि मरीजों की देखभाल और सामुदायिक स्वास्थ्य में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम में सभी संकाय सदस्य और छात्र मौजूद रहे। सफल आयोजन पर एमआईटी विष्णु शरण और वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल ने फार्मेसी विभाग को बधाई दी।


