विशेष ग्राम सभा आयोजन को लेकर जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने की बैठक
District Panchayat Raj Officer held a meeting regarding the organization of special Gram Sabha.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आज अपराह्न 04:30 बजे जिला पंचायत राज पदाधिकारी, पाकुड़, प्रीतिलता मुर्मू की अध्यक्षता में सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी एवं प्रखंड समन्वयक (पं0रा0स्व0प0) के साथ गूगल मीट के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में सबकी योजना सबका विकास अभियान (People’s Plan Campaign) 2025 के अंतर्गत 02 अक्टूबर 2025 को सभी ग्राम पंचायतों में होने वाली विशेष ग्राम सभा के सफल आयोजन पर चर्चा की गई। जिला पंचायत राज पदाधिकारी महोदया ने उपस्थित सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी एवं प्रखंड समन्वयकों को अपने-अपने प्रखंड के सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का सफल आयोजन करने का निर्देश दिया। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि ग्राम सभा में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के क्षेत्रीय पदाधिकारी अवश्य उपस्थित रहें। विशेष ग्राम सभा के दौरान प्रत्येक ग्राम पंचायत वित्तीय वर्ष 2026-27 के ग्राम पंचायत विकास योजना का निर्माण करेगी। यह योजना ग्राम पंचायत स्तर पर क्रियान्वित होने वाली सभी प्रकार की योजनाओं को मिलाकर एक वार्षिक विकास योजना के रूप में तैयार की जाएगी। इसमें पंचायती राज विभाग/प्रभाग के साथ-साथ अन्य विभागों की योजनाओं को भी शामिल किया जाएगा। अंत में जिला पंचायत राज पदाधिकारी महोदया ने सभी उपस्थित अधिकारियों को दुर्गा पूजा एवं दशहरा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए बैठक समापन किया।



