अमरोहा
विधायक ने बांटे बाढ़ राहत चेक
अमरोहा में 1072 किसानों के खातों में पहुंचा भुगतान, तहसीलदार बोले- 600 किसानों की राशि अभी प्रोसेसिंग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा की हसनपुर तहसील में सोमवार को बाढ़ राहत एवं बचाव कार्य के तहत अनुदान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने इस दौरान 52 किसानों को चेक वितरित किए। कुल 1072 बाढ़ प्रभावित किसानों के खातों में राहत राशि का भुगतान किया गया है।तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को 786 किसानों के बैंक खातों में सीधे भुगतान ट्रांसफर किया गया। इससे पहले शनिवार को भी 286 किसानों के खातों में राशि जमा की जा चुकी थी। इस प्रकार कुल 1072 किसानों को राहत मिली है।यह राहत राशि उन किसानों को दी जा रही है जिनकी गंगा बाढ़ में 35 प्रतिशत से अधिक फसल बर्बाद हुई है। अब तक 46 गांवों के 3900 किसानों का डेटा दर्ज किया जा चुका है।तहसीलदार ने यह भी बताया कि 600 किसानों की राशि अभी प्रोसेसिंग में है, जिसे जल्द ही उनके खातों में जमा कर दिया जाएगा। राहत राशि 2,000 रुपये से लेकर 34,000 रुपये तक हो सकती है, जो फसल क्षति के आकलन पर निर्भर करेगी।इस अवसर पर तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव, कानूनगो अरविंद शर्मा, तहसीलदार अध्यक्ष चंद्रसेन अग्रवाल, अनिल कुमार, दीपक चौधरी, सुरेंद्र, हरवीर, अक्षय मलिक, आरिफ रजा, मुस्तकीम, मयंक अग्रवाल और संजय राणा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




