कायदे के मुताबिक खरना सम्पन्न, सोमवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती
Kharna is completed as per the rules, devotees will offer prayers to the setting sun on Monday.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा त्यौहार पूरे विधि-विधान के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस महापर्व के दूसरे दिन रविवार को खरना विधिपूर्वक सम्पन्न हुआ। व्रतियों ने पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर सायंकाल शुभ मुहूर्त में सूर्यदेव की आराधना किया और खरना का प्रसाद बनाया। खरना के दिन छठव्रती महिलाओं ने स्नान-ध्यान के पश्चात नये वस्त्र धारण कर मिट्टी के नये चूल्हे पर अरवा चावल एवं दूध व गुड़ से खीर तथा घी चुपड़ी रोटी बड़े ही शुद्धता के साथ तैयार किया। साथ ही नमक और चीनी का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहा। पूजन के पश्चात भगवान सूर्य, छठी मैया और गणेश जी को खीर-रोटी, केला और गुड़ का नैवेद्य अर्पित किया। पूजा-अर्चना के पश्चात व्रतियों ने केले के पत्तों में प्रसाद ग्रहण किया, जिसके साथ ही तकरीबन 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास का आगाज हो गया। अब व्रती सोमवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को और मंगलवार की सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर व्रत पूर्ण करेंगी।



