गोड्डा
गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने नगर थाना का किया निरीक्षण कर्मियों के कार्यों की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। गोड्डा जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने शनिवार को नगर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना के सिरिस्ता कार्यों की बारीकी से जांच की और थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्य निष्पादन की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, कांडों की प्रगति, अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रत्येक अधिकारी से उनके कार्य क्षेत्र की जानकारी ली और कांड निबटान में तेजी लाने का निर्देश दिया।एसपी मुकेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता से संवेदनशील व्यवहार करें, फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनें और हर मामले में पारदर्शिता और तत्परता बनाए रखें।निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस कर्मियों को साफ-सुथरे वातावरण में कार्य करने, रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने और थाना परिसर की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।एसपी ने कहा कि हर पुलिसकर्मी अपने कार्यों के प्रति जिम्मेदार और जवाबदेह बने, ताकि आम जनता में पुलिस की विश्वसनीयता और साख और मजबूत हो।नगर थाना का निरीक्षण करते गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार साथ में पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित।



