अमरोहा
सड़क दुर्घटना में गुड़ से लदा ट्रक पलट गया
बिजनौर की चांदपुर मंडी से इलाहाबाद को जा रहा था ट्रक।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क दुर्घटना में गुड़ से लदा ट्रक पलट गया। बिजनौर की चांदपुर मंडी से इलाहाबाद जा रहे इस ट्रक के चालक और क्लीनर घायल हो गए। यह हादसा गजरौला मार्ग पर दीपपुर गेट के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने आगे चल रहे एक कैंटर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान तीनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंदक में जा गिरे। अनियंत्रित ट्रक एक पेड़ से भी टकरा गया।हादसे में ट्रक का क्लीनर लियाकत अली पुत्र सिद्दीक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक मोहम्मद उमर पुत्र मोहम्मद शफी को भी चोटें आईं। दोनों बिजनौर के चांदपुर निवासी हैं। मौके पर चीख-पुकार मच गई। क्लीनर को किसी तरह ट्रक के केबिन से बाहर निकाला गया और तुरंत नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि दिल्ली से संभल जा रही कार में चार लोग सवार थे, लेकिन कैंटर और कार में बैठे लोगों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि यह दुर्घटना ओवरटेक के दौरान हुई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


