गोड्डा
महागामा: उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य के लिए दो प्रधानाध्यापकों को किया गया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा प्रतिनिधि: महागामा क्षेत्र के लिए यह गर्व का विषय है कि उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य और अनुकरणीय नेतृत्व के लिए प्लस टू हाई स्कूल दिग्घी (महागामा) के प्रधानाध्यापक मु० तसनीम तथा जयनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय महागामा के प्रधानाध्यापक मु० ख़ालिद तमीज को गोड्डा जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मिथिला टुड्डू द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, अनुशासन बनाए रखने एवं नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्यों के लिए दिया गया।इस अवसर पर डीईओ मिथिला टुड्डू ने दोनों प्रधानाध्यापकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिक्षकों और पदाधिकारियों के कारण ही शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि दोनों विद्यालयों में निरंतर बेहतर परिणाम, साफ-सफाई, अनुशासन और छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।सम्मान प्राप्त करने के बाद दोनों प्रधानाध्यापकों ने इसे पूरे विद्यालय परिवार के सहयोग का परिणाम बताया और कहा कि वे भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे। इस उपलब्धि से महागामा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



