
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। वर्ल्ड कप टी-20 ब्लाइंड क्रिकेट में भारत का परचम लहराने वाली होनहार खिलाड़ी दुर्गा येवले का बैतूल जिले में प्रथम नगर आगमन पर सर्व यादव समाज और सामाजिक संगठनों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर भव्य वाहन रैली निकाली गई। संत श्री सिंगाजी गवली समाज संगठन बैतूल जिला अध्यक्ष भूरा यादव ने बताया कि यह रैली धार बैरियर से प्रारंभ हुई जो भौरा, शाहपुर, पाढर, आठवामिल, सोनाघाटी, चक्कर रोड, कोतवाली चौक, बस स्टेण्ड, मीडिया सेंटर, कलेक्ट्रेट शिवाजी चौक पहुंची। इस दौरान यहां सर्व यादव समाज द्वारा ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता दुर्गा येवले का पट्टिका एवं पुष्प गुच्छ से भव्य स्वागत किया गया। तत्पश्चात लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में वर्ल्ड कप विजेता दुर्गा द्वारा धरती माता की पूजा की गई। इसके बाद रैली एसपी ऑफिस के सामने से आहुजा शोरूम, गंज टांगा स्टैंड चौक, मेकेनिक चौक, बीजेपी कार्यलय के सामने से होते हुए खेड़ी सावलीगढ़, केरपनी, भैंसेदही होते हुए ग्राम राक्सी पहुंची।इस दौरान जगह-जगह खेल प्रेमियों और सामाजिक बंधुओं द्वारा ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता दुर्गा का भव्य सम्मान किया गया।
संत श्री सिंगाजी गवली समाज संगठन के युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुरेश यादव ने बताया कि 11 नवंबर से 25 नवंबर तक टी-20 ब्लाइंड वर्ल्ड कप में बैतूल जिले के भैंसेदही तहसील के ग्राम राक्सी की दुर्गा येवले ने भारत का नेतृत्व किया। टी-20 ब्लाइंड वर्ल्ड कप में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, नेपाल, इंग्लैंड, अमेरिका और श्रीलंका सहित 7 टीमों ने हिस्सा लिया था। भारत और श्रीलंका ने मिलकर इस टूर्नामेंट की सह मेजबानी की थी। होनहार खिलाड़ी दुर्गा के बेहतर खेल प्रदर्शन से बैतूल जिला सहित प्रदेश गौरवान्वित हुआ है। ब्लाइंड क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतकर दुर्गा के प्रथम बैतूल आगमन पर जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद होनहार खिलाड़ी दुर्गा भैंसेदही तहसील के लिए रवाना हुई। इस अवसर पर सभी सामाजिक संगठनों ने आभार व्यक्त किया।



