सिंगरौली
कांग्रेस नेता उमंग सिंघार का आरोप – यह सिर्फ जंगल नहीं, आदिवासी अस्मिता पर हमला है

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली :- सुलियरी कोल ब्लॉक में पेड़ों की बड़े पैमाने पर हो रही कटाई के विरोध में कांग्रेस की फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी ने आज स्थल का निरीक्षण किया। समिति के साथ पहुंचे पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि जंगलों की कटाई संवेदनशील वन क्षेत्रों, आदिवासी समुदायों और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए सिंघार ने कहा कि ये मशीनें सिर्फ पेड़ नहीं काट रहीं, ये हमारे पूर्वजों की साँसें, बच्चों का भविष्य और आदिवासी अस्मिता के दिल में छुरा घोंप रही हैं। मेरी आँखों के सामने हजारों पेड़ों पर लिखे नंबर दिखे, जैसे मौत का इंतज़ार कर रही कतार हो।
उन्होंने दावा किया कि यह जंगल कई जनरेशन से संरक्षित रहे हैं और आदिवासी समाज के जीवन, संस्कृति और पहचान का अहम हिस्सा हैं। सिंघार ने आरोप लगाया कि जमीनें ज़बरन छीनी जा रही हैं तथा कागज़ पर सहमति के नाम पर ग्रामीणों पर दबाव डाला जा रहा है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि मौके पर पुलिस बल तैनात कर सत्य को बाहर आने से रोका जा रहा है, लेकिन उनकी टीम ने स्थानीय ग्रामीणों व प्रभावित परिवारों से बातचीत कर तथ्य जुटाए हैं। फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी ने कहा कि वे अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेंगे और पूरे मामले को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।
उधर प्रशासन का कहना है कि कोल ब्लॉक में हो रहा कार्य विधि-सम्मत प्रक्रिया के तहत है और आवश्यक अनुमति प्राप्त है। पर्यावरणीय मानकों व पुनर्वास संबंधी प्रावधानों का पालन किया जा रहा है।




