साहेबगंज

बरहरवा में जेंडर रिसोर्स सेंटर का आगाज, करोड़ों की परिसम्पत्ति का विधायक ने किया वितरण

Gender Resource Centre inaugurated in Barharwa, MLA distributed assets worth crores

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
साहेबगंज। बरहरवा प्रखण्ड परिसर स्थित जेएसएलपीएस कार्यालय में बुधवार को जेंडर रिसोर्स सेंटर (जीआरसी) का उद्घाटन सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पाकुड़ विधायक निसात आलम, सांसद प्रतिनिधि अब्दुल कादिर, विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, कार्यकारी बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक दास, बीडीओ सन्नी कुमार दास, सीओ अनोज कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी दीपक कुमार, जिला प्रबंधक एसएमआईबी सतीश कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर एवं कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। इस अवसर पर जेएसएलपीएस से जुड़े 95 सखी मंडलों की दीदियों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के तहत कुल 2 करोड़ 10 लाख रुपये की सहायता दी गई। वहीं ‘फूलों झानो आशीर्वाद योजना’ के अंतर्गत 45 सखी मंडलों को 4 लाख 50 हजार रुपये की परिसंपत्तियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को भी लाभ पहुंचाया गया। तीन लाभुकों को मसूर बीज का वितरण किया गया। आंगनबाड़ी केंद्र कोइरीपाड़ा-1 की नव चयनित सेविका आशिका कुमारी को नियुक्ति पत्र सौंपा गया। अबुआ आवास योजना के तहत पांच लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाबी दी गई। आठ लाभुकों को सर्वजन पेंशन की स्वीकृति पत्र प्रदान किए गये। बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पांच लाभुकों को बागवानी, पशु शेड एवं जॉब कार्ड की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा प्रशासन द्वारा 29 जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। पांच दिव्यांग लाभुकों को बैटरी चालित मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय इस्लामपुर के आठ विद्यार्थियों को साइकिल प्रदान की गई। अपने सम्बोधन में विधायक निसात आलम ने जेंडर रिसोर्स सेंटर के शुभारंभ को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र प्रखंड क्षेत्र की हिंसा पीड़ित महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और भरोसेमंद मंच के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने महिलाओं से निर्भीक होकर आगे आकर सरकारी योजनाओं और इस केन्द्र की सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की। साथ ही विधायक ने प्रखंड एवं अंचल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लंबित योजनाओं के निष्पादन में तेजी लाएं और आम जनता के साथ समन्वय बनाकर संवेदनशीलता के साथ कार्य करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से वर्ष 2026 तक बरहरवा प्रखंड जिले के अग्रणी प्रखंडों में शामिल होगा। वही एसएमआईबी जिला प्रबंधक सतीश कुमार ने जेंडर रिसोर्स सेंटर की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि घरेलू हिंसा, डायन उत्पीड़न, यौन प्रताड़ना, मानव तस्करी, बाल विवाह सहित महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा एवं संरक्षा से जुड़े मामलों में जीआरसी द्वारा हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जायेगी। कार्यक्रम में बीपीएम फैज आलम, बीपीओ विजय कुमार, कृषि पदाधिकारी चंदन कुमार, वरिष्ठ कांग्रेसी मो. नसरुद्दीन, गुलाम रब्बानी, कमल आर्य सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button