सिंगरौली
मोरवा मंडल अध्यक्ष पर कार्रवाई की लटकी तलवार,भोपाल तक पहुंचा मामला
शीर्ष भाजपा नेतृत्व से हटाने के मिले संकेत, नोटिस का जवाब मिला, जिला अध्यक्ष ने की पुष्टि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली : भाजपा के मोरवा मंडल अध्यक्ष विनोद सिंह कुरवंशी के खिलाफ कार्रवाई का मामला अब निर्णायक और बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका है। भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह ने औपचारिक रूप से यह पुष्टि कर दी है कि मंडल अध्यक्ष द्वारा जारी नोटिस का जवाब पार्टी को प्राप्त हो गया है। इसके साथ ही अब संगठनात्मक कार्रवाई की तलवार पूरी तरह लटक गई है और किसी भी समय बड़ा फैसला सामने आ सकता है।
26 दिसंबर को एनसीएल हेड ऑफिस के सामने सत्यनारायण बैस के साथ हुई कथित मारपीट की घटना ने भाजपा को अंदरूनी तौर पर झकझोर कर रख दिया है। मोरवा थाने में दर्ज इस मामले में मंडल अध्यक्ष और उनके आधा दर्जन साथियों पर गंभीर आरोप हैं। यह घटना केवल कानून-व्यवस्था का सवाल नहीं रही, बल्कि पार्टी की अनुशासनात्मक छवि पर सीधा हमला बन गई है। वहीं पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह मामला अब सिंगरौली की सीमाओं से निकलकर राजधानी भोपाल तक पहुंच चुका है। भाजपा के शीर्ष नेताओं को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी जा चुकी है और संगठन के उच्च स्तर से मंडल अध्यक्ष को पद से हटाने के स्पष्ट संकेत मिले हैं। सूत्र यह भी बताते हैं कि संगठन अब किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है, क्योंकि मामला सामाजिक संतुलन, पार्टी की साख और आगामी राजनीतिक रणनीति से जुड़ चुका है। वैश्य समाज द्वारा मंडल अध्यक्ष के निष्कासन की मांग और ज्ञापन ने इस दबाव को और बढ़ा दिया है। समाज के प्रतिनिधियों का साफ कहना है कि यदि भाजपा ऐसे मामलों में कठोर निर्णय नहीं लेती, तो कार्यकर्ताओं और समाज के बीच गलत संदेश जाएगा।
जिलाध्यक्ष की अग्निपरीक्षा, फैसला बनेगा राजनीतिक संदेश
अब पूरा मामला भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह के पाले में है। संगठन के भीतर यह सवाल तेजी से गूंज रहा है कि क्या पार्टी अनुशासन सर्वोपरि रहेगा या राजनीतिक समीकरण हावी होंगे। विपक्ष भी इस पूरे घटनाक्रम पर नजर टिकाए बैठा है और किसी भी नरमी को बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी में है। स्पष्ट है कि यह केवल एक मंडल अध्यक्ष पर कार्रवाई का मामला नहीं रहा, बल्कि भाजपा की आंतरिक अनुशासन नीति, सामाजिक विश्वास और नेतृत्व की दृढ़ता की परीक्षा बन चुका है। अब देखना यह है कि जिला अध्यक्ष संगठन की अपेक्षाओं पर कितना खरे उतरते हैं और क्या कार्रवाई का यह मामला भाजपा के लिए सख्त और स्पष्ट संदेश बन पाएगा।



