धरमपुर मोड़ से डीसी आवास तक सड़क निर्माण का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर जोर
Deputy Commissioner inspected the construction of road from Dharampur turn to DC residence, emphasis on quality and time limit.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को धरमपुर मोड़ से पाकुड़ डीसी आवास तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा होना चाहिए। उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि सड़क निर्माण इस प्रकार किया जाए जिससे बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाइपास और वैकल्पिक मार्गों पर भी ध्यान देते हुए समुचित समतलीकरण, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भारी वाहनों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए सड़क की मजबूती पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और किसी भी प्रकार की त्रुटि मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान सड़क के अलाइनमेंट, पेड़ों के समायोजन, लाइटिंग व्यवस्था, मीडियन तथा शहरी क्षेत्रों से जुड़ने वाले हिस्सों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण केवल एक भौतिक परियोजना नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधा, सुरक्षा और समग्र विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर निर्माण कार्य टिकाऊ, गुणवत्तापूर्ण और जनहित को ध्यान में रखते हुए किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके।



