बोकारो

सियारी पंचायत के सातों गांवों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ किया जाएगा समाधान : उपायुक्त

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। गोमिया प्रखंड के सियारी पंचायत अंतर्गत बिरहोर टंडा एवं गोसे ग्राम में बुधवार को उपायुक्त का जनता दरबार लगाया गया। इस जनता दरबार में जिले के उपायुक्त अजयनाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथु सिंह मीना, डीडीसी शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मुमताज आलम, बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह सहित जिले एवं प्रखंड के कई विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे। सर्वप्रथम प्रमुख प्रमिला चौड़े, पूर्व प्रमुख गुलाबचंद हांसदा एवं मुखिया रामबृक्ष मुर्मू के नेतृत्व में ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक तरीके से आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया गया। इस जनता दरबार में उपस्थित ग्रामीणों ने अपनी एवं गांव की समस्याओं को रखा। जिसमें ग्रामीणों द्वारा कहा गया कि गांव में पानी की विकराल समस्या है, वहीं कई लोगों का आवास जर्जर अवस्था में है। जिसे पुनः बनाया जाय। गांव में सड़क की स्थिति काफी दयनीय है और माध्यमिक शिक्षा के लिए विद्यालय की कमी है। इसी प्रकार स्वरोजगार के लिए ग्रामीण अपना पुस्तैनी कार्य रस्सी बनाने का कार्य कर रहे हैं और पत्तल बनाने का मशीन, बकरी पालन, सुअर पालन आदि का कार्य शुरू कराया जाय। चैक डैम का जीर्णोधार कराया जाय आदि कई समस्याएं ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष रखा।
इस पर उपायुक्त अजयनाथ झा ने कहा कि सियारी पंचायत के सातों गांवों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा और इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। वन क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा और इसके लिए ग्राम सभा से संबंधित योजनाओं को पारित कराकर प्रखंड के माध्यम से जिला को भेजना है। उसके बाद प्राथमिकता के अनुसार योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। पंचायत के सभी गांवों में सड़क की समस्या दूर किया जाएगा और विद्यालय की कमी को भी दूर किया जाएगा। कहा कि पंचायत में हाई स्कूल बनाने का प्रस्ताव जिला में गया है और शिक्षा विभाग द्वारा हाई स्कूल बनाया जाएगा और फिर उसे प्लस टू का भी दर्जा दिया जाएगा। इसी प्रकार स्वरोजगार के लिए बकरी पालन, सुअर पालन सहित पत्तल बनाने का मशीन भी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद लोगों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं क्षेत्र में फलदार वृक्ष भी लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वन अधिकार समिति को ऐक्टिव किया जाएगा और ग्रामीणों की समस्याओं पर निगरानी रखते हुए उसका त्वरित समाधान किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक नाथु सिंह मीना ने कहा कि इस क्षेत्र में पहले नक्सल समस्या थी, जो अब नहीं है। क्षेत्र में विकास के कार्यों को सभी के सहयोग से पूरा किया जाएगा। वहीं वन अधिकार समिति को ऐक्टिव करते हुए ग्रामीण समस्याओं को दूर किया जाएगा। गांवों में महुआ चुनने को लेकर विवाद को दूर किया जाएगा। वहीं आम आदमी के समस्याओं को भी दूर किया जाएगा। जिले के सभी थाने में थाना दिवस के माध्यम से भी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं एवं स्कूली बच्चों के बीच किताब,कॉपी, पेंसिल, स्कूल बैग सहित खेल सामग्री आदि का वितरण किया गया। मौके पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी शफीक आलम, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, बीडीओ महादेव कुमार महतो, सीओ आफताब आलम, जिप सदस्य डा सुरेंद्र राज, प्रखंड प्रमुख प्रमिला चौड़े, उप प्रमुख गुलाबचंद हांसदा, मुखिया रामबृक्ष मुर्मू, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ जितेंद्र कुमार, गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, आइइएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल सहित गंदौरी राम, लखन महतो एवं जिले एवं प्रखंड के कई पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। जनता दरबार का सफल संचालन बीडीओ महादेव कुमार महतो एवं सीओ आफताब आलम ने किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button