मथुरा

बरसाना के गांव में बेशकीमती जमीन को कब्जाने की साजिश, सैकड़ों हरे पेड़ काटे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा। बरसाना के सहार गांव में रोड किनारे बेशकीमती जमीन कब्जाने की साजिश में सैकड़ों हरे पेड़ काट डाले। इसके बाद कटी हुई लकड़ी ट्रैक्टर ट्रॉलियों में भर ले गए, लेकिन वन विभाग के अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। करीब तीन एकड़ खाली भूमि पर बबूल व नीम समेत अन्य प्रजातियों के पेड़ खड़े थे। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद भी जिम्मेदार नहीं जागे और मामले को टालमटोल करते रहे। हालांकि सोमवार को डीएफओ ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। छाता-गोवर्धन मार्ग पर स्थित सहार गांव में रोड किनारे करीब तीन एकड़ खाली भूमि है। इस पर सैकड़ों बबूल, नीम और पीपल समेत अन्य प्रजातियों के सैकड़ों पेड़ खड़े हैं। यह भूमि सहार गांव के निवासी सैयद सऊदुल हसन की है। हालांकि इस भूमि का मामला कोर्ट में भी विचाराधीन बताया जा रहा है। सैयद सऊदुल हसन ने बताया कि उन्हें पेड़ कटने की जानकारी हुई तो संबंधित पुलिस चौकी में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कार्रवाई के लिए वह इधर-उधर भटकते रहे। परेशान होकर उन्होंने वन विभाग में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि जमीन की कीमत बढ़ने से सुनियोजित साजिश के तहत पेड़ों की कटाई कराई गई और कटी हुई लकड़ी को ट्रैक्टर ट्रॉलियों में भर ले गए। हालांकि उनके पहुंचने पर कुछ लकड़ी मौके पर ही छोड़कर भाग गए। डीएफओ वेंकट श्रीकर पटेल ने बताया कि शिकायत के बाद संबंधित रेंजर को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button