मथुरा
छटीकरा फ्लाईओवर से गिरकर युवक की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। जैंत थाना क्षेत्र के अंतर्गत संदिग्ध परिस्थितियों में छटीकरा फ्लाईओवर से नीचे गिरने से 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शिनाख्त में जुटी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब एक बजे की है। युवक अचानक फ्लाईओवर से नीचे गिर गया। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और चंद मिनटों में ही उसने दम तोड़ दिया। सरेराह हुई इस घटना से नेशनल हाईवे पर हड़कंप मच गया। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों की भारी भीड़ एकत्रित होने से कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। सूचना मिलते ही जैंत थाना प्रभारी उमेश चंद्र त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी गहनता से जांच की जा रही है। यह आत्महत्या है या दुर्घटना, यह स्पष्ट करने के लिए फ्लाईओवर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।



