मेरठ

पुलिस-मिलिट्री में नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के 4 आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मेरठ। पुलिस एवं प्रादेशिक सेना में  नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए थाना सदर बाजार पुलिस एवं स्वाट टीम प्रथम की संयुक्त कार्रवाई में चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी अभ्यर्थियों को बहला-फुसलाकर फर्जी दस्तावेज, कूटरचित एडमिट कार्ड और जाली मोहर तैयार कर नौकरी लगवाने का झांसा देकर रुपये ऐंठते थे।
पुलिस के अनुसार, इस संबंध में कन्नौज व फर्रुखाबाद जनपद के तीन पीड़ितों की तहरीर पर थाना सदर बाजार मेरठ में तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने जांच के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्तों को मुखबिर की सूचना पर कैंट रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बिजेन्द्र शर्मा निवासी रोहतक (हरियाणा), हरजीत उर्फ करन निवासी जीरकपुर (पंजाब), रोहित उर्फ पुष्पेन्द्र गिरी निवासी हापुड़ तथा नीरज गिरी निवासी किला परीक्षितगढ़, मेरठ के रूप में हुई है। सभी अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सदर बाजार में संबंधित धाराओं में मुकदमे पंजीकृत हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, चारों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास दर्ज है और इनके विरुद्ध एक ही प्रकार के तीन मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थाना सदर बाजार पुलिस व स्वाट टीम प्रथम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति या गिरोह के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button