ललितपुर
केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री ने की जल सहेली के प्रयासों की सराहना
तालबेहट की शारदा बंशकार ने बढ़ाई जिले की शान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर.पाटिल ने देश के विभिन्न कोनों से आए जल योद्धाओं के साथ सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण को एक जन-आंदोलन बनाना और उन जमीनी नायकों को सम्मानित करना था, जिन्होंने पानी बचाने को अपने जीवन का संकल्प बना लिया है। संवाद के दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि तालबेहट की शारदा बंशकार जैसी समर्पित महिलाएं यह सिद्ध कर रही हैं कि यदि संकल्प शक्ति मजबूत हो, तो जल संकट जैसी बड़ी चुनौती को भी मात दी जा सकती है। उनके द्वारा जल प्रबंधन और सूखे प्रभावित क्षेत्रों में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए किए गए साहसी कार्यों की जमकर सराहना की।
शारदा बंशकार का संघर्ष और सफलता
शारदा ने बताया कि जब मैंने पानी बचाने के लिए बाहर जाकर काम करने की कोशिश की तो मुझे बहुत विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और महिलाओं को एकजुट कर परमार्थ संस्थान के सहयोग से ग्राम पंचायत और ब्लॉक लेवल के अफसरों के साथ मिलकर 2021 में बरुआ नदी पर 5000 बोरियों का मिट्टी का डैम बनाया, जिससे मानसून के दौरान खेती और दूसरे कामों के लिए काफी पानी जमा हो जाता है और अब बरुआ नदी में लोगों, जानवरों के लिए पर्याप्त पानी रहता है। उक्त कार्यक्रम के लिए जिला गंगा समिति द्वारा शारदा बंसकार को नामित किया गया था। उनको मिले इस राष्ट्रीय सम्मान और केन्द्रीय मंत्री की शुभकामनाओं से ललितपुर जिले में उत्साह का माहौल है। स्थानीय प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने भी शारदा को बधाई दी। परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति केतन दुबे ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले की अन्य महिलाओं को भी सामाजिक कार्यों और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे आने के लिए प्रेरित करेगी।
इनका कहना है
शारदा के सम्मान ने ललितपुर ही नहीं, बल्कि पूरे बुंदेलखंड के जल संरक्षण प्रयासों को एक नई ऊर्जा दी है।
सत्य प्रकाश, जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला गंगा समिति



