शामली
एसपी व डीएम ने थाना प्रभारी सतीश कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जिले के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह एवं जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार को उनके द्वारा किए गए सराहनीय, साहसिक एवं उत्कृष्ट पुलिस कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके नेतृत्व में कांधला थाना पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त और प्रभावी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का माहौल कायम किया है। थाना प्रभारी ने एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश नफीस को मुठभेड़ में मार गिराकर क्षेत्र को अपराध के भय से मुक्त कराया। उक्त बदमाश पर हत्या, लूट, जानलेवा हमला एवं अन्य संगीन धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज थे। इसके अतिरिक्त, उन्होंने आधा दर्जन से अधिक शातिर अपराधियों को मुठभेड़ एवं सटीक पुलिस कार्रवाई के माध्यम से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। इतना ही नहीं, थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत में घटित सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का खुलासा भी थाना प्रभारी सतीश कुमार ने महज कुछ ही घंटों में करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से न केवल पुलिस की कार्यशैली की व्यापक सराहना हुई, बल्कि आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना भी और अधिक मजबूत हुई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने थाना प्रभारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि सतीश कुमार जैसे जांबाज़, ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी ही मजबूत कानून-व्यवस्था की रीढ़ होते हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने भी थाना प्रभारी द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार को सम्मानित किए जाने पर पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल देखने को मिला, वहीं क्षेत्रवासियों ने भी कांधला पुलिस की कार्यप्रणाली और सक्रियता की खुले दिल से प्रशंसा की।


