मथुरा

मथुरा के गांव जरारा में श्मशान भूमि पर अवैध कब्जा

बारिश में तिरपाल पकड़कर करना पड़ा महिला का दाह संस्कार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र के ग्राम जरारा में सार्वजनिक श्मशान भूमि पर अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पास के किसानों ने श्मशान की भूमि को काटकर अपने खेतों में मिला लिया है, जिससे गांव में अंतिम संस्कार के लिए पर्याप्त और सुरक्षित स्थान नहीं बचा है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में जूनियर स्कूल के पास जरारा-सुरीर रोड स्थित श्मशान भूमि राजस्व अभिलेखों में खसरा संख्या 349 में दर्ज है। इसके पास ही खसरा संख्या 350 में एक पोखर दर्ज है। आरोप है कि किसानों द्वारा बार-बार पैमाइश के बावजूद श्मशान भूमि का कटान कर उसे खेतों में शामिल कर लिया गया है, जिससे वर्तमान में श्मशान की भूमि बहुत कम रह गई है। हाल ही में 27 जनवरी 2026 को गांव में एक महिला की मृत्यु हो गई। बारिश के चलते श्मशान भूमि पर ग्रामीणों को तिरपाल पकड़कर दाह संस्कार करना पड़ा। इस घटना से गांववासियों में गहरा रोष है।ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान भूमि की पैमाइश के लिए वे कई बार तहसीलदार मांट और उपजिलाधिकारी मांट को प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। अधिकारियों द्वारा क्षेत्रीय लेखपाल को पैमाइश के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं, लेकिन आरोप है कि लेखपाल द्वारा अब तक पैमाइश नहीं की गई है।इसके साथ ही ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि खसरा संख्या 350 में दर्ज पोखर के सौंदर्यीकरण अथवा पक्के घाट निर्माण के लिए शासन से प्रस्ताव स्वीकृत होने के बावजूद वर्तमान प्रधान द्वारा बिना अनुमति अपने स्तर से कार्य शुरू करा दिया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button