
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मंडल में रामगंगा नदी पर स्थित अधूरे मुढ़ा पुल को अब 104 करोड़ रुपये की लागत से पूरा किया जाएगा। इसके लिए शासन की ओर से धनराशि जारी कर दी गई है। यह वही पुल है, जहां 24 नवंबर 2024 को कार गिरने से उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई थी। ये लोग गूगल मैप के सहारे इस रास्ते पर फरीदपुर जा रहे थे। दातागंज क्षेत्र के गांव मुढ़ा पुख्ता और फरीदपुर के बीच रामगंगा नदी पर बने इस पुल का एक हिस्सा सितंबर 2023 में आई भीषण बाढ़ में बह गया था। इसके बाद से पुल अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुल बनने से फरीदपुर की दूरी 38 किमी दूरी हो जाएगी कम
वर्तमान में दातागंज से फरीदपुर जाने के लिए 68 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। पुल पूरा हो जाने के बाद यह दूरी घटकर मात्र 30 किलोमीटर रह जाएगी। इससे करीब 38 किलोमीटर की दूरी कम होगी, जिससे लोगों के समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। यह मार्ग दातागंज से फरीदपुर होते हुए तिलहर, कटरा, शाहजहांपुर, लखनऊ और सीतापुर जाने का सीधा रास्ता भी है।
पुल की लंबाई 200 मीटर बढ़ेगी, 400 मीटर का नया संपर्क मार्ग बनेगा
पुल के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से आईआईटी रुड़की से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई थी। टीम ने जनवरी 2025 में मॉडल स्टडी कर चार माह बाद अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपी। रिपोर्ट में पुल की लंबाई 200 मीटर बढ़ाने, 400 मीटर का नया संपर्क मार्ग बनाने और करीब तीन से चार किलोमीटर अतिरिक्त संपर्क मार्ग विकसित करने की सिफारिश की गई थी। आईआईटी की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए 104 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। अब जल्द ही लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री से मिलकर स्वीकृत कराया बजट
विधायक दातागंज राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुल के पूरा हो जाने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के जिलों के लोगों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। इस पुल को बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी से मिलकर बजट स्वीकृत करने की मांग की थी। इसके बाद अब शासन से 104 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसके लिए जिला स्तर से लेकर शासन स्तर तक लगातार प्रयास किए गए, जिसका परिणाम अब सामने आया है।



