शामली
चौसाना में सोने की चैन गुम, दस दिन बाद भी जांच सुस्त — व्यापारी भड़के
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र में बढ़ती वारदातों के बीच अब व्यापार मंडल नगर अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार के परिवार के साथ हुई घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोने की चैन गुम होने की शिकायत के बावजूद दस दिन बीत जाने पर भी ठोस कार्रवाई न होने से व्यापारियों में रोष पनप रहा है।
चौसाना मैन बाजार में 28 जनवरी को डॉ. संजीव कुमार का बेटा निखिल अपने दोस्तों के साथ एक दुकान पर गया था। उसके हाथ में पहनी सोने की चैन का वजन कराया गया, जो करीब 14 ग्राम निकला। इसके बाद निखिल दुकान में अन्य सामान देखने लगा और जल्दबाजी में चैन वहीं भूलकर घर लौट आया। दो दिन बाद जब उसकी मां ने हाथ खाली देखा तो मामला सामने आया। यह सुनकर निखिल घबरा गया और तुरंत दोस्तों व दुकानदार से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी चैन मिलने की बात स्वीकार नहीं की।
इसके बाद डॉ. संजीव कुमार ने चौसाना चौकी पहुंचकर तहरीर दी। उनका आरोप है कि शिकायत दिए दस दिन गुजर चुके हैं, मगर पुलिस ने न दुकान के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और न ही किसी से सख्ती से पूछताछ की। नगर अध्यक्ष का कहना है कि वह लगातार चौकी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार सिर्फ जांच चल रही है कहकर टाल दिया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापार मंडल के सदस्य एसपी शामली से मिलकर शिकायत करेंगे।
चौकी प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


