
बिजली बकाया वसूली को लेकर सख्ती, गांवों में मचा हड़कंप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। बिजली विभाग ने सोमवार को बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए चौसाना बिजलीघर से जुड़े गांवों में कनेक्शन काटने का विशेष अभियान चलाया। विभागीय टीम की कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने साफ कहा कि बड़े बकायेदारों पर अब किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
अभियान के दौरान चौसाना, गंगारामपुर, खेड़की और जिजौला गांवों में घर-घर जांच की गई। जिन उपभोक्ताओं पर लंबे समय से बिजली बिल बकाया था और बार-बार नोटिस देने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया, उनके कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। कुल 30 बिजली कनेक्शन विच्छेदित किए गए, जिन पर लगभग 7 लाख रुपये का बकाया चल रहा था।
कार्रवाई के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बकाया राशि जमा कर कनेक्शन बचाने की कोशिश की। विभागीय टीम ने मौके पर लगभग डेढ़ लाख रुपये की वसूली भी की। अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों ने आंशिक भुगतान किया है, उन्हें शेष धनराशि शीघ्र जमा कराने की चेतावनी दी गई है, अन्यथा दोबारा कनेक्शन जोड़ने में देरी होगी।
अभियान का नेतृत्व अवर अभियंता आजम अकबर ने किया। उनके साथ टेक्नीशियन बृजेश कुमार, रंजीत कुमार सहित संविदा कर्मियों की टीम मौजूद रही, जिसमें रामपाल सिंह, मनप्रीत सिंह, जगत सिंह, रामकुमार, चरण सिंह, किरण पाल, दीपक और मेजर शामिल रहे।


