150 पौधों का किया रोपण

भरतपुर। कृषि महाविद्यालय भुसावर कैम्पस पर 21 फरवरी 2026 को विद्यार्थियों ने 150 से अधिक पौधे लगाये। महाविद्यालय के डीन डॉ उदय भान सिंह ने बताया कि फरवरी माह में सर्दी ढलान पर होती है तथा मौसम अनुकूल होने के कारण यह पौधों का वृद्धिकाल है। अतः यदि पर्याप्त पानी की सुविधा उपलब्ध है तो बसंत ऋतु में नया पौधारोपण किया जा सकता है। प्रायः देखा गया है कि वर्षा ऋतु में लगाए पौधों में से करीब 10 से 15 प्रतिशत पौधे मर जाते हैं, इस समय मर गए पौधों के खाली स्थान पर नए पौधे लगाए जा सकते हैं। डॉ उदय भान सिंह के अनुसार पौधे लगाने के लिए पर्याप्त आकार का गड्ढा खोदे तथा उसमें 20 से 25 किग्रा गोबर की खाद मिलावें। पौधा लगाने से पूर्व पौधे की प्लास्टिक थैली अवश्य हटा दें। पौधा यथासंभव शाम के वक्त लगावे तथा लगाने के तुरंत बाद पौधे में पानी अवश्य दें। यदि पौधा कमजोर तने का है तो उसे लकड़ी का सहारा दें। गर्मियों में पौधों को पर्याप्त पानी देना अनिवार्य है। पौधरोपण कार्यक्रम में डॉ. राहुल कुमार, डॉ. मोहित कुमार, डॉ. शंकर लाल यादव, डॉ. भानुप्रिया पंकज सहित समस्त स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित थे।



