
डिब्बाबंद दूध और बाहरी खाद्य से परहेज करने की दी सलाह
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना बैतूल ग्रामीण अंतर्गत सेक्टर बैतूल-02 के आंगनवाड़ी केंद्र मरामझिरी में विश्व स्तनपान सप्ताह का आयोजन किया गया। अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में मनाए जाने वाले इस सप्ताह का उद्देश्य शिशु और मातृ स्वास्थ्य को बेहतर बनाना तथा स्तनपान को बढ़ावा देना है।कार्यक्रम में आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय ग्रामवासियों की सहभागिता रही। आयोजन के दौरान माताओं को सफल स्तनपान के 10 चरणों की विस्तार से जानकारी दी गई। आईएमएस एक्ट के अंतर्गत ऊपरी डिब्बाबंद दूध, फीडिंग बोतल और बाहरी शिशु आहार के दुष्प्रभावों को समझाते हुए इनके उपयोग से बचने की सलाह दी गई।कार्यक्रम के बाद गांव में रैली निकालकर स्तनपान के महत्व को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नवजात शिशु के लिए पहले छह महीने तक केवल मां का दूध ही सर्वोत्तम आहार है। इस आयोजन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अंजली सातनकर, सहायिका संगीता गुजरे, आशा कार्यकर्ता संतरी धुर्वे, एएनएम श्रीमती आशा उबनारे, सुमित्रा गंजाम, सुनीता पंवार और सीएचओ विनीत हनोते की सक्रिय उपस्थिति और सहभागिता रही। सभी ने मिलकर महिलाओं को स्तनपान से जुड़ी सही जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया।



