बागपत
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में विहिप-बजरंग दल का प्रदर्शन
इस्लामिक जिहाद का पुतला दहन कर जताया आक्रोश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अमानवीय अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को बागपत नगर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता पक्का घाट स्थित परशुराम भवन में एकत्रित हुए, जहां से जुलूस के रूप में नगर के मुख्य चौराहों से होते हुए राष्ट्रवंदना चौक पहुंचे। वहां प्रदर्शनकारियों ने इस्लामिक जिहाद का पुतला दहन कर अपना रोष प्रकट किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला मंत्री नितिन गोस्वामी ने कहा कि बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद से इस्लामी जिहादी गतिविधियों में लगातार वृद्धि हो रही है। इन गतिविधियों के निशाने पर विशेष रूप से हिंदू समुदाय के मंदिर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, महिलाएं, संपत्तियां, शासकीय कर्मचारी और पत्रकार हैं। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के विरुद्ध प्रताड़ना और हिंसा की वीभत्स घटनाएं लगभग प्रत्येक सप्ताह सामने आ रही हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस पर कोई ठोस हस्तक्षेप नहीं हो रहा।
नितिन गोस्वामी ने गत सप्ताह मेमन सिंह जिले के भालुका क्षेत्र में घटित घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना ने संपूर्ण मानवता को शर्मसार कर दिया है। उन्होंने बताया कि एक सामान्य हिंदू श्रमिक दीपू दास पर ईशनिंदा का झूठा और मनगढ़ंत आरोप लगाकर उसे जिहादी हिंसा का शिकार बनाया गया। एक अनौपचारिक बातचीत में दीपू दास द्वारा ईश्वर के एक होने और उसके विभिन्न नाम होने की बात कही गई थी, जिसमें कुरान, इस्लाम या अल्लाह से संबंधित कोई टिप्पणी नहीं थी, फिर भी इसे जबरन ईशनिंदा का रूप देकर उसके खिलाफ भीड़ को भड़काया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिहादी तत्वों की उन्मादी भीड़ ने दीपू दास को पीट-पीटकर नृशंस हत्या कर दी, इतना ही नहीं, आतंक फैलाने के उद्देश्य से उसकी मृत देह को पेड़ से लटकाकर जला दिया गया। इस पूरे अमानवीय घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए, जबकि यह सब पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में हुआ, लेकिन प्रशासन ने इसे रोकने का कोई प्रयास नहीं किया।
वक्ताओं ने कहा कि बांग्लादेश का प्रशासन और समाज, हिंसक इस्लामी जिहादी तत्वों के हिंदू विरोधी कृत्यों पर मौन साधे हुए है, जो उनकी निष्क्रियता को दर्शाता है और अप्रत्यक्ष रूप से अपराधियों को प्रोत्साहन देता है। अल्पसंख्यकों के मानवीय अधिकारों का ऐसा खुला हनन किसी भी सभ्य समाज में मानवता के विरुद्ध गंभीर अपराध है।
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल ने इस बर्बर जिहादी हिंसा और प्रशासनिक निष्क्रियता की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए मांग की कि बांग्लादेश में हिंदू विरोधी हिंसा पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषियों की पहचान कर उन्हें कठोर दंड दिया जाए तथा वहां के अल्पसंख्यकों के लिए भय और शोषण मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाए। संगठन ने संपूर्ण हिंदू समाज से आह्वान किया कि वह बांग्लादेश में हो रही इन अमानवीय घटनाओं के विरोध में एकजुट होकर आवाज उठाए।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष डॉ. यशपाल शास्त्री, जिला संयोजक सागर कश्यप, जिला विशेष संपर्क प्रमुख विनोद, विभाग संयोजिका मातृशक्ति निशा सहित विकास, ललित, वरुण, गौरव, विपिन, बिट्टू, मनीष, सोनू, हिमांशु, चंद्रपाल, अमित, मनोज, सुभाष आदि सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



