बालाघाट
धान खरीदी से पहले बालाघाट में सहकारी कर्मचारियों का बिगुल
15 नवंबर तक मांगें नहीं मानीं तो 23 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल

कलेक्टर को ज्ञापन; करोड़ों की लंबित राशि, बारदाने-परिवहन और वेतन के मुद्दे पर प्रशासन पर सवाल; किसानों की धान खरीदी पर सीधा असर की आशंका
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट। जिले में धान खरीदी शुरू होने से पहले ही संकट के बादल मंडराने लगे हैं। मध्यप्रदेश सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। महासंघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए साफ चेतावनी दी है कि यदि 15 नवंबर तक मांगों का निराकरण नहीं हुआ तो 23 नवंबर से जिले की सभी सहकारी समितियां अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी। ऐसे में सहकारी समितियों की हड़ताल का सीधा असर धान खरीदी पर पड़ सकता है और किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।
मामले की जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ द्वारा बालाघाट के मोती गार्डन में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिलेभर के पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की लंबित समस्याओं और मांगों पर चर्चा की। बैठक के बाद महासंघ ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। महासंघ का आरोप है कि कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर पूर्व में 9 सितंबर, 15 अक्टूबर और 23 अक्टूबर को भी प्रशासन को पत्र लिखकर अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक किसी भी मांग का निराकरण नहीं हुआ है। प्रशासन की इस सुस्ती पर कर्मचारियों का सब्र टूटता दिख रहा है।
महासंघ के मुताबिक, समितियों का वर्ष 2021-22, 2022-23 और 2023-24 का करोड़ों रुपये का भुगतान अब तक लंबित है। वहीं खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 का प्रासंगिक व्यय, कमीशन और डाटा ऑपरेटरों का वेतन भी नहीं मिला है। यही नहीं, धान उपार्जन के दौरान 40 किलो से कम वजन के बारदाने उपलब्ध कराने, 72 घंटे के भीतर धान का परिवहन नहीं होने और शॉर्टेज की वसूली कर्मचारियों से किए जाने जैसी समस्याएं भी सामने रखी गई हैं। महासंघ ने इन मुद्दों को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाया है।
महासंघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय-सीमा तक मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 23 नवंबर से जिले की सभी सहकारी समितियों के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। सहकारी समितियां धान खरीदी की रीढ़ मानी जाती हैं, ऐसे में हड़ताल हुई तो खरीदी प्रक्रिया लस्त-पस्त हो सकती है और किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अब देखना है कि प्रशासन 15 नवंबर से पहले कर्मचारियों की लंबित मांगों पर ठोस कार्रवाई करता है या जिले को एक और संकट की ओर बढ़ने से रोकता है।




