जालौन
पत्नी की शिकायत की धमकी से आहत अधेड़ ने फांसी लगाकर दी जान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कालपी (जालौन)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हीरापुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पत्नी द्वारा पुलिस में शिकायत करने की धमकी से परेशान एक अधेड़ व्यक्ति ने खेत में पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम हीरापुर निवासी रामनरेश उर्फ सज्जन (50) पुत्र जगदीश का अपनी पत्नी से अक्सर विवाद होता रहता था। इसी पारिवारिक कलह से परेशान होकर वह अपने बच्चों को लेकर गुजरात चला गया था। कुछ समय बाद उसकी पत्नी भी वहां पहुंच गई थी और अपनी नाबालिग पुत्री से पिता पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके चलते रामनरेश को लगभग दो माह जेल में भी रहना पड़ा था।
जेल से छूटने के बाद वह वापस अपने गांव हीरापुर आ गया था, लेकिन पीछे से उसकी पत्नी भी गांव लौट आई थी। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह भी पत्नी ने उस पर पुनः आरोप लगाकर पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी थी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया था। इसी के चलते वह रस्सी लेकर खेतों की ओर चला गया।
दोपहर करीब दो बजे ग्रामीणों ने उसका शव खेत में पेड़ से लटका हुआ देखा और तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है अगर महिला दोषी पाई जाती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी


