शामली
पानी को तरसीं महिलाएं, नगर पालिका के खिलाफ फूटा गुस्सा
गुड़वाहन मोहल्ले में डेढ़ साल से खराब सबमर्सिबल, आश्वासन तक सीमित प्रशासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। कस्बे के मोहल्ला गुड़वाहन में पेयजल संकट अब विस्फोटक स्थिति में पहुंच गया है। डेढ़ वर्ष से खराब पड़े सबमर्सिबल और नाकाम हैंडपंप के चलते त्रस्त महिलाओं व पुरुषों ने सोमवार को नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर घोर लापरवाही और शिकायतों को नजरअंदाज करने का गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल समाधान की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने बताया कि मोहल्ले में लगा सरकारी सबमर्सिबल करीब डेढ़ साल से खराब पड़ा है, जबकि वैकल्पिक व्यवस्था के नाम पर कुछ भी नहीं किया गया। गली में लगा हैंडपंप भी पीने योग्य पानी नहीं दे रहा, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महिला शमशिरा ने आरोप लगाया कि पानी के साथ-साथ सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। सफाईकर्मी नियमित नहीं आते, जिससे गंदगी और बदबू फैल रही है। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या को लेकर नगर पालिका में कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन देकर मामला टाल दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि फरवरी में रमजान का पवित्र महीना शुरू होने वाला है, जिसमें पानी की जरूरत कई गुना बढ़ जाती है। यदि रमजान से पहले समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो हालात और भयावह हो सकते हैं। महिलाओं ने मांग की कि खराब पड़े सबमर्सिबल को अविलंब दुरुस्त कराया जाए या नई व्यवस्था तत्काल की जाए।
प्रदर्शन में आनो, शमशिरा, शाहिद, शाहजहां, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद आसिफ सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व पुरुष मौजूद रहे।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने स्वीकार किया कि मोहल्ला गुड़वाहन में लगे सबमर्सिबल का बोरिंग फेल हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही नया बोरिंग कराकर सबमर्सिबल लगाया जाएगा। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे आश्वासन पहले भी कई बार दिए जा चुके हैं, लेकिन ज़मीनी हकीकत अब तक जस की तस बनी हुई है।


