बरेली
ओवरब्रिज के निर्माण की रफ्तार धीमी, 30 फीसदी काम अभी अधूरा

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र में फरीदपुर-बुखारा मार्ग पर ओवरब्रिज का निर्माण धीमी गति से चल रहा है। 17 महीने में 70 फीसदी काम ही हो सका है। निर्माण पूरा करने की समयसीमा जून 2026 निर्धारित है। यानी साढ़े चार माह में अभी 30 फीसदी काम को पूरा किया जाना है। इसमें रेलवे के हिस्से का काम भी है। फिलहाल रेलवे की ओर से गडर रखने का काम कराया जा रहा है। इसके अलावा, एप्रोच रोड, सर्विस रोड, साइड वॉल, लाइटिंग, रंगाई-पुताई आदि काम होने शेष हैं। कार्यदायी संस्था सेतु निगम ने पितांबरपुर रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण 23 अगस्त 2024 को शुरू किया था। विभाग का दावा था कि जून 2026 में काम पूरा कर लिया जाएगा। लेकिन निर्धारित समय सीमा नजदीक आने के बावजूद कई काम होने बाकी हैं। रेलवे अभी अपने हिस्से का काम करा रहा है, जिसके इसी माह पूरा होने की उम्मीद है।
फरीदपुर कस्बा की आबादी करीब दो लाख है। आवागमन में पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग बड़ी समस्या थी। दिन में कई घंटे बंद होने से रोजाना जाम लग रहा था। ओवरब्रिज का निर्माण होने से यह समस्या दूर होगी। फिलहाल, क्रॉसिंग बंद है और राहगीरों को पांच किलोमीटर घूमकर लोग गौसगंज क्रॉसिंग से बदायूं की तरफ जाते हैं। बुजुर्गो, महिलाओं, छात्रों को काफी परेशानी हो रही है।
पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता अजय कुमार ने बताया कि फरीदपुर-बुखारा मार्ग पर बन रहे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा कर लिया जाएगा।



