खैरथल
जिला निर्वाचन अधिकारी ने भिवाड़ी के 9 मतदान केन्द्रों का किया निरीक्षण
संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने मंगलवार को नगर परिषद भिवाड़ी का सघन दौरा कर 9 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने भिवाड़ी क्षेत्र में स्थापित घटाल, खिजरपुर, हरचंदपुर, सांथलका के राजकीय विद्यालयों में स्थापित 9 मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुरूप चुनाव संपन्न करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने मतदान दलों को संबोधित करते हुए कहा कि ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं देखरेख में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। मतदान दल मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद ईवीएम एवं अन्य सामग्री को सुरक्षित रखें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक सतर्क एवं सजग रहते हुए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना करें तथा मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाएं। उन्होंने चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर अपने उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने मतदान दलों को सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान करवाना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मतदान दल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस कार्मिकों के साथ समन्वय रखते हुए कार्य करें। उन्होंने मतदान दलों से निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा कानून-व्यवस्था संबंधी निर्देशों की पूर्ण पालना करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय, आरओ टपूकड़ा कृष्ण यादव, नगर परिषद आयुक्त सुरेश मीणा सहित संबंधित अधिकारी एवं मतदान दलों के कार्मिक मौजूद रहे।
